
● मुंबई
महाराष्ट्र के मराठवाड़ा क्षेत्र में शनिवार सुबह आए भूकंप ने लोगों को अचानक चौंका दिया। हिंगोली जिले को केंद्र बनाकर आए इस भूकंप की तीव्रता 4.7 दर्ज की गई, जिसके झटके नांदेड़ और परभणी समेत आसपास के जिलों में भी महसूस किए गए।
अधिकारियों के अनुसार, भूकंप सुबह करीब 8:45 बजे आया। नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी की रिपोर्ट के मुताबिक, इसका केंद्र हिंगोली जिले की वसमत तहसील के शिरली गांव में जमीन से लगभग 10 किलोमीटर की गहराई पर स्थित था। झटकों का असर शहरी क्षेत्रों के साथ-साथ अर्धापुर, हदगांव और हिमायतनगर जैसे ग्रामीण इलाकों में भी देखा गया।
राहत की बात यह है कि फिलहाल किसी बड़े जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है। हालांकि, हिंगोली के पांगरा शिंदे गांव में कुछ मकानों और एक सामुदायिक भवन में दरारें आने की जानकारी सामने आई है।
जिलाधिकारी राहुल गुप्ता ने बताया कि प्रशासन को क्षति से संबंधित तस्वीरें प्राप्त हुई हैं और हालात का जायजा लेने के लिए टीमों को मौके पर भेजा गया है। प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और प्रभावित क्षेत्रों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई की जा सके।
