
● मुंबई
देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में 16 और 17 अप्रैल के दौरान पानी को लेकर बड़ी असुविधा का सामना करना पड़ सकता है। बृहनमुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) ने दक्षिण मुंबई के कई क्षेत्रों में लगभग 18 घंटे तक जल आपूर्ति बाधित रहने की सूचना जारी की है।
बीएमसी के अनुसार, यह कटौती 16 अप्रैल की सुबह 10 बजे से शुरू होकर 17 अप्रैल की सुबह 4 बजे तक जारी रहेगी। इस दौरान हाजी बंदर रोड और शिवड़ी क्षेत्र के पास मुख्य जल पाइपलाइन पर दो 1500 मिमी के बटरफ्लाई वाल्व स्थापित किए जाएंगे। यह तकनीकी कार्य भविष्य में जल वितरण प्रणाली को अधिक व्यवस्थित और नियंत्रित बनाने के उद्देश्य से किया जा रहा है।
• इस मरम्मत और उन्नयन कार्य का असर ए, बी, सी, डी और एफ साउथ वार्ड के कई हिस्सों पर पड़ेगा। इन क्षेत्रों में कहीं पानी की आपूर्ति पूरी तरह बंद रहेगी तो कहीं कम दबाव के साथ पानी मिलेगा। प्रभावित इलाकों में सीएसएमटी, पी. डी’मेलो रोड, मस्जिद बंदर, डोंगरी, कालबादेवी, नागपाड़ा, भायखला, लालबाग, वडाला (पूर्व), दादर और हिंदमाता जैसे प्रमुख इलाके शामिल हैं।
हालांकि, स्वास्थ्य सेवाओं को प्राथमिकता देते हुए के ई एम अस्पताल, टाटा मेमोरियल अस्पताल, जे जे अस्पताल, नायर अस्पताल और कस्तूरबा अस्पताल जैसे प्रमुख अस्पतालों में जल आपूर्ति जारी रहेगी, हालांकि यहां भी पानी का दबाव सामान्य से कम रहने की संभावना है।
बीएमसी ने नागरिकों से अपील की है कि वे पहले से पर्याप्त पानी संग्रहित कर लें और उसका विवेकपूर्ण उपयोग करें। साथ ही, एहतियात के तौर पर अगले कुछ दिनों तक पानी को उबालकर या फिल्टर करके ही पीने की सलाह दी गई है।
