
● मुंबई
मुंबई में सुप्रसिद्ध गीतकारा माया गोविंद एवं स्वर्गीय राम गोविंद की पावन स्मृति में उनके पुत्र द्वारा एक भव्य काव्य संध्या का आयोजन किया गया। शनिवार शाम यह कार्यक्रम जुहू स्थित माया गोविंद निवास में आयोजित हुआ, जहां देश के विभिन्न हिस्सों से आए प्रतिष्ठित कवियों और कलाकारों ने अपनी सशक्त प्रस्तुतियों से समां बांध दिया।
कवि एवं अभिनेता विष्णु शर्मा, हास्य कवि आसकरण अटल, शायर गुलशन मदान, शायरा पूनम विश्वकर्मा, कवयित्री अर्चना जौहरी, रेखा बब्बल, मीनू मदान, नंदिता शर्मा माजी और संगीता बाजपेई ने अपनी रचनाओं से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। संगीतकार सरोज सुमन की संगीतमय प्रस्तुति ने माहौल को और भी मधुर बना दिया।
कार्यक्रम का प्रभावशाली और सधा हुआ मंच संचालन नीता बाजपेई ने किया। इस अवसर पर अजय गोविंद और रेखा बब्बल द्वारा माया गोविंद जी की रचनाओं का सुंदर और भावपूर्ण पाठ विशेष आकर्षण रहा, जिसे श्रोताओं ने खूब सराहा। कार्यक्रम के अंत में गायक प्रकाश मधुर तिवारी और करिश्मा शर्मा ने मधुर गीत प्रस्तुत कर माहौल को संगीतमय बना दिया और श्रोताओं का भरपूर मनोरंजन किया।
