
● मुंबई
युवाओं को उद्योग आधारित कौशल शिक्षा से जोड़ने की दिशा में महाराष्ट्र सरकार ने महत्वपूर्ण पहल की है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में आईईएस स्किल टेक यूनिवर्सिटी की स्थापना को मंजूरी दे दी गई।
यह यूनिवर्सिटी इंडियन एजुकेशन सोसाइटी द्वारा स्थापित की जाएगी और मुंबई के बांद्रा क्षेत्र में शुरू होगी। इसे एक स्थायी, स्व-वित्तपोषित निजी स्किल यूनिवर्सिटी के रूप में विकसित किया जाएगा। इसकी शुरुआत 2026–27 के शैक्षणिक सत्र से किए जाने की योजना है।
अधिकारियों के अनुसार, विश्वविद्यालय में ऐसे पाठ्यक्रम संचालित किए जाएंगे जो व्यावहारिक कौशल, रोजगार और उद्यमिता पर केंद्रित होंगे। इससे छात्रों को पारंपरिक शिक्षा के साथ-साथ आधुनिक उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप प्रशिक्षण प्राप्त होगा।
मुंबई में इस संस्थान की स्थापना से राज्य के ‘स्किल्ड महाराष्ट्र, एम्प्लॉयबल महाराष्ट्र’ विजन को नई गति मिलने की उम्मीद है। यह पहल न केवल युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाएगी, बल्कि उद्योगों को प्रशिक्षित और सक्षम कार्यबल उपलब्ध कराने में भी अहम भूमिका निभाएगी।
