
● मुंबई
संत निरंकारी मिशन की सामाजिक शाखा संत निरंकारी चैरिटेबल फाउंडेशन द्वारा चेंबूर के माहूल रोड स्थित संत निरंकारी सत्संग भवन में रविवार को नि:शुल्क नेत्र चिकित्सा शिविर आयोजित किया गया, जिसमें लगभग 305 जरूरतमंद और आर्थिक रूप से कमजोर नागरिकों को लाभ मिला।
शिविर के दौरान 40 मरीजों में मोतियाबिंद की पहचान की गई, जिन्हें के.बी. हाजी बच्चू अली चैरिटेबल अस्पताल में नि:शुल्क ऑपरेशन के लिए भेजा गया। इसके अलावा 21 लोगों में अन्य नेत्र रोग पाए जाने पर उन्हें भी मुफ्त उपचार हेतु संदर्भित किया गया। 86 मरीजों की दृष्टि जांच कर उन्हें चश्मे प्रदान किए गए, जबकि अन्य रोगियों को आवश्यक दवाइयों के साथ नेत्र देखभाल संबंधी मार्गदर्शन दिया गया।
नेत्र परीक्षण के लिए के.बी. हाजी बच्चू अली नेत्र अस्पताल के डॉक्टरों और मेडिकल तकनीशियनों की टीम ने सेवाएं दीं। शिविर का शुभारम्भ मिशन के अहिल्यानगर ज़ोन प्रभारी हरिष खुबचंदानी की उपस्थिति में प्रार्थना के साथ हुआ।
मिशन के समाज कल्याण विभाग की प्रेमा ओबेरॉय, सेक्टर संयोजक विजय विचारे और सेवादल के सहयोग से शिविर का सफल आयोजन हुआ। आयोजन के माध्यम से नागरिकों को नेत्र सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने का संदेश भी दिया गया।
