
● मुंबई
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के क्षेत्र में भारत तेजी से अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज करा रहा है। OpenAI की ताज़ा रिपोर्ट के अनुसार, भारत अब दुनिया के सबसे बड़े और तेजी से विस्तार करते एआई बाज़ारों में शामिल हो चुका है। खासकर कोडिंग, डेटा विश्लेषण और जटिल समस्याओं के समाधान में भारतीय उपयोगकर्ताओं की सक्रियता उल्लेखनीय रूप से बढ़ी है।
रिपोर्ट में यह भी सामने आया है कि भारत प्रति व्यक्ति एआई के उपयोग के मामले में शीर्ष पांच देशों में अपनी जगह बना चुका है। यहां के यूज़र्स एआई टूल्स के साथ नियमित संवाद कर न केवल तकनीकी कार्यों को सरल बना रहे हैं, बल्कि जटिल तर्क आधारित समस्याओं को भी तेजी से सुलझा रहे हैं। फरवरी 2026 में लॉन्च हुए एआई कोडिंग टूल ‘कोडेक्स’ को भारत में महज दो सप्ताह के भीतर चार गुना अधिक उपयोगकर्ता मिलना इस रुझान का स्पष्ट संकेत है।
हालांकि, एआई का विस्तार अभी पूरे देश में समान रूप से नहीं हुआ है। देश के शीर्ष 10 शहरों में लगभग आधे एआई उपयोगकर्ता केंद्रित हैं, जबकि इन शहरों की आबादी कुल जनसंख्या का छोटा हिस्सा है। बेंगलुरु, हैदराबाद, दिल्ली और चेन्नई जैसे शहर इस बदलाव के प्रमुख केंद्र बनकर उभरे हैं।
रिपोर्ट यह दर्शाती है कि भारत में एआई की संभावनाएं बेहद व्यापक हैं, लेकिन इसका लाभ अभी मुख्य रूप से शहरी क्षेत्रों तक सीमित है। आने वाले समय में इसका विस्तार देश के अन्य हिस्सों तक पहुंचाना बड़ी चुनौती और अवसर दोनों साबित होगा।
