
● नई दिल्ली
अप्रैल के मध्य में मौसम ने तीखा रुख अपनाते हुए देशभर में गर्मी का प्रकोप बढ़ा दिया है। दिल्ली-एनसीआर, उत्तर भारत और महाराष्ट्र के कई हिस्सों में अगले 48 घंटों के दौरान भीषण लू और रिकॉर्ड तोड़ तापमान की चेतावनी जारी की गई है, जिससे जनजीवन पर असर पड़ने की आशंका है।
आईएमडी के अनुसार, अगले 48 घंटों में देश के कई क्षेत्रों में प्रचंड गर्मी महसूस की जाएगी। आने वाले दिनों में दिल्ली-एनसीआर का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार जा सकता है।
महाराष्ट्र के विदर्भ क्षेत्र में 15 से 18 अप्रैल के बीच हीटवेव की स्थिति बन सकती है, जबकि मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में 15 से 17 अप्रैल तक लू चलने की चेतावनी दी गई है।
राजस्थान में भी पारा 45 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंचने की आशंका जताई गई है। विभाग ने मध्य और पूर्वी भारत में लू चलने की संभावना भी व्यक्त की है।

बुधवार को जारी अलर्ट में बताया गया है कि इस सप्ताह दिल्ली-एनसीआर में पहली बार तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर जा सकता है। उत्तर प्रदेश और राजस्थान के कुछ इलाकों में तापमान 42 से 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है।
इसके अलावा, मध्य प्रदेश में 16 से 18 अप्रैल के बीच लू का असर देखने को मिल सकता है। ओडिशा के आंतरिक और तटीय क्षेत्रों में 15 से 18 अप्रैल के दौरान भीषण गर्मी पड़ने की संभावना है। छत्तीसगढ़ में 16 से 19 अप्रैल के बीच लू की स्थिति बनने का अनुमान है।
आमतौर पर मार्च के अंतिम सप्ताह से ही गर्मी तेज होने लगती है, लेकिन इस वर्ष मौसम का रुख कुछ अलग रहा। अप्रैल की शुरुआत अपेक्षाकृत ठंडी रही, जिसका कारण पश्चिमी विक्षोभ से हुई बारिश और ठंडी हवाएं थीं। अब आसमान पूरी तरह साफ है और निकट भविष्य में बारिश या आंधी के कोई संकेत नहीं हैं, जिससे गर्मी का प्रकोप और बढ़ने की आशंका है।
