
● नई दिल्ली
वेस्ट एशिया में जारी भू-राजनीतिक तनाव के बीच भारत के लिए राहत भरी खबर आई है। एलपीजी से लदा भारतीय जहाज ‘जग विक्रम’ सुरक्षित रूप से गुजरात के कांडला स्थित दीनदयाल पोर्ट अथॉरिटी पहुंच गया, जिससे देश की ऊर्जा आपूर्ति को मजबूती मिली है।
दीनदयाल पोर्ट अथॉरिटी के अनुसार, ‘जग विक्रम’ ने अमेरिका और ईरान के बीच हुए दो सप्ताह के अस्थायी युद्धविराम के बाद रणनीतिक रूप से अहम होर्मुज जलडमरूमध्य को पार किया। 11 अप्रैल को इस टैंकर ने इस संवेदनशील मार्ग को पार किया था और अब सुरक्षित रूप से भारतीय तट पर पहुंच गया है।
अधिकारियों का कहना है कि मार्च की शुरुआत के बाद से फारस की खाड़ी से बाहर निकलने वाला यह नौवां भारतीय जहाज है। हालांकि, अभी भी लगभग 15 भारतीय ध्वज वाले जहाज इस क्षेत्र में फंसे हुए हैं और सुरक्षित रास्ते का इंतजार कर रहे हैं।
वेस्ट एशिया में बढ़ते तनाव के बीच इस जहाज का सुरक्षित पहुंचना एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम माना जा रहा है। भारत अपनी ऊर्जा जरूरतों के लिए बड़े पैमाने पर मिडिल ईस्ट पर निर्भर है, ऐसे में होर्मुज मार्ग पर किसी भी तरह का व्यवधान सीधे तौर पर ईंधन आपूर्ति और कीमतों को प्रभावित कर सकता है।
