- 93.70 प्रतिशत पास; बेटियों का शानदार प्रदर्शन

● नई दिल्ली
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने कक्षा 10वीं का परिणाम समय से पहले जारी कर छात्रों को बड़ी राहत दी है। इस वर्ष 93.70 प्रतिशत विद्यार्थी सफल रहे, जिसमें लड़कियों ने एक बार फिर बेहतर प्रदर्शन करते हुए बढ़त हासिल की है।
इस वर्ष कुल 93.70 प्रतिशत छात्र सफल रहे, जो पिछले वर्ष 93.66 प्रतिशत से थोड़ा अधिक है। परीक्षा में 24.83 लाख से अधिक विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया था, जिनमें से 24.71 लाख छात्र परीक्षा में शामिल हुए और लगभग 23.16 लाख विद्यार्थियों ने सफलता हासिल की। परीक्षा 17 फरवरी से 10 मार्च 2026 के बीच आयोजित की गई थी।
परिणामों में इस बार भी लड़कियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए बढ़त बनाए रखी। लड़कियों का पास प्रतिशत 94.99 प्रतिशत रहा, जबकि लड़कों का परिणाम 92.69 प्रतिशत दर्ज किया गया। ट्रांसजेंडर विद्यार्थियों का पास प्रतिशत 87.50 प्रतिशत रहा, जो पिछले वर्ष की तुलना में कम है।
क्षेत्रवार प्रदर्शन में त्रिवेंद्रम रीजन ने शीर्ष स्थान प्राप्त किया। वहीं, संस्थानों की बात करें तो केंद्रीय विद्यालय (केवी) और जवाहर नवोदय विद्यालय (जेएनवी) ने एक बार फिर उत्कृष्ट परिणाम देकर अपनी शैक्षणिक गुणवत्ता को साबित किया है।
इस वर्ष पहली बार दो बोर्ड परीक्षा प्रणाली लागू की गई। साथ ही, विद्यार्थियों की मार्कशीट और प्रमाणपत्र डिजिलॉकर पर उपलब्ध कराए जाएंगे। इसके लिए स्कूलों को पहले ही छात्रों के लिए पिन जारी किए जा चुके हैं।
