■ ‘संगठन भारत’ के डेढ़ दशक उल्लेखनीय -डॉ. राधेश्याम तिवारी
■ पत्रकार मजबूत होगा तो समाज भी सशक्त होगा -आचार्य पवन त्रिपाठी

● मुंबई
राष्ट्रीय हिंदी साप्ताहिक समाचार पत्र ‘संगठन भारत’ की 15वीं वर्षगांठ के अवसर पर 18 अप्रैल की शाम कांदिवली पश्चिम स्थित हर्ष क्लासिक बैंक्वेट में कवि सम्मेलन एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।

समारोहाध्यक्ष एवं उत्तर भारतीय संघ के वरिष्ठ उपाध्यक्ष डॉ. राधेश्याम तिवारी ने कहा कि संगठन भारत के डेढ़ दशक उल्लेखनीय रहे हैं और यह आगे भी उत्कृष्ट कार्य करता रहेगा। विशेष अतिथि यशोभूमि के संपादक श्रीनारायण तिवारी ने संगठन भारत को स्वस्थ पत्रकारिता को प्रोत्साहित करने वाला अखबार बताया। मुंबई भाजपा के उपाध्यक्ष एवं श्री सिद्धिविनायक मंदिर ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष आचार्य पवन त्रिपाठी ने कहा कि यदि पत्रकार मजबूत होगा, तो समाज और राष्ट्र दोनों सशक्त होंगे। विधायक असलम शेख ने अखबार और उसके संपादक राजकिशोर तिवारी के कार्यों की सराहना की।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर दैनिक जागरण के ब्यूरो चीफ ओमप्रकाश तिवारी उपस्थित थे। वरिष्ठ पत्रकार ओमप्रकाश सिंह, आरटीआई एक्टिविस्ट अनिल गलगली, वरिष्ठ पत्रकार नेहा पुरव, मुंबई हिंदी पत्रकार संघ के अध्यक्ष आदित्य दुबे, वरिष्ठ पत्रकार विनोद यादव तथा मुंबई मित्र–वृत्त मित्र के समूह संपादक अभिजीत राणे की भी विशेष उपस्थिति रही।
कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन से हुई। इसके बाद दिवंगत पत्रकार आशीष दीक्षित एवं ज्योतिषाचार्य पंडित राम प्रसाद मिश्र को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

हास्य सम्राट सुरेश मिश्र के संचालन में आयोजित कवि सम्मेलन में हास्य कवि महेश दुबे, गीतकार एड. राजीव मिश्र ‘मधुकर’, डॉ. राज बुंदेली तथा सुश्री सुहाना नाज़ ने काव्यपाठ किया। उनकी प्रस्तुतियों ने सभागार को उत्साह, उमंग और ठहाकों से भर दिया।
अतिथियों का स्वागत राजकिशोर तिवारी, राकेश दुबे, रौनक तिवारी और बीना तिवारी ने किया। इस अवसर पर अतिथियों द्वारा वर्षगांठ विशेषांक का विमोचन भी किया गया।

कार्यक्रम को सफल बनाने में धर्मेंद्र पांडेय, कविता साहनी, संजना मौर्य सहित अनेक सहयोगियों का विशेष योगदान रहा।
संचालन राजेश विक्रांत ने किया जबकि आभार प्रदर्शन राकेश दुबे ने व्यक्त किया।
