
● मुंबई
मुंबई के व्यस्ततम छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस पर मंगलवार दोपहर एक बड़ा रेल हादसा होते-होते टल गया। बदलापुर से आ रही एक लोकल ट्रेन को निर्धारित प्लेटफॉर्म नंबर 4 के बजाय गलती से प्लेटफॉर्म नंबर 5 की पटरी पर भेज दिया गया, जहां पहले से ही दूसरी लोकल ट्रेन खड़ी थी।
स्थिति बेहद गंभीर हो सकती थी, क्योंकि दोनों ट्रेनें एक ही ट्रैक पर आमने-सामने आ गई थीं। हालांकि, लोको पायलट की सतर्कता और सिग्नल प्रणाली ने संभावित हादसे को टाल दिया। ट्रैक पर लगा ‘इंटरनल होम सिग्नल’ लाल होने के कारण मोटरमैन ने समय रहते इमरजेंसी ब्रेक लगाए और ट्रेन करीब 120–130 मीटर पहले ही रुक गई।
घटना दोपहर लगभग 3:18 बजे की बताई जा रही है। इस लापरवाही के चलते प्लेटफॉर्म 5 से 8 तक रेल संचालन करीब एक घंटे तक प्रभावित रहा, जिससे यात्रियों को काफी असुविधा का सामना करना पड़ा।
मध्य रेलवे के प्रवक्ता ने बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए उच्च स्तरीय जांच के आदेश दे दिए गए हैं। प्रारंभिक तौर पर इसे तकनीकी त्रुटि या मानवीय चूक माना जा रहा है, जिसकी विस्तृत जांच की जाएगी।
