
● मुंबई
मुंबई में सार्वजनिक परिवहन को स्मार्ट और सुविधाजनक बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए बेस्ट अंडरटेकिंग ने अपनी बस टिकटिंग सेवा को ओपन नेटवर्क फॉर डिजिटल कॉमर्स (ओएनडीसी) से जोड़ दिया है। इस नई व्यवस्था के तहत अब यात्री गूगल पे, फोनपे, पेटीएम और व्हाट्सएप्प जैसे लोकप्रिय डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए आसानी से बस टिकट खरीद सकेंगे।
क्यूआर कोड आधारित टिकटिंग प्रणाली लागू होने से यात्रियों को अलग से कोई नया ऐप डाउनलोड करने की जरूरत नहीं रहेगी। वे अपने रोजमर्रा के उपयोग वाले ऐप के माध्यम से ही टिकट बुक कर सकेंगे, जिससे यात्रा पहले से अधिक तेज और सहज बन जाएगी।
यह पहल महाराष्ट्र सरकार के उस व्यापक विजन का हिस्सा है, जिसमें बस, मेट्रो और रेल सेवाओं को एकीकृत डिजिटल प्लेटफॉर्म पर लाने की योजना शामिल है। इससे यात्रियों को एक ही माध्यम से संपूर्ण यात्रा प्रबंधन का अनुभव मिल सकेगा।
विशेषज्ञों का मानना है कि इस कदम से डिजिटल भुगतान को बढ़ावा मिलेगा और नकद लेन-देन पर निर्भरता घटेगी। साथ ही टिकटिंग प्रक्रिया में पारदर्शिता और कार्यकुशलता भी बढ़ेगी।
यात्रियों के लिए यह बदलाव विशेष रूप से राहतभरा साबित होगा, क्योंकि अब लंबी कतारों में खड़े होने या कंडक्टर पर निर्भर रहने की आवश्यकता नहीं होगी। मोबाइल के माध्यम से टिकट लेकर सीधे बस में सफर करना संभव हो सकेगा।
