■ महाराष्ट्र-गोवा में डिजिटल कनेक्टिविटी को मिली नई रफ्तार

● मुंबई। भारती एयरटेल ने महाराष्ट्र और गोवा में अपने नेटवर्क को सशक्त करते हुए पिछले १२ महीनों में ३,४०० से अधिक नई ५जी साइट्स स्थापित करने की घोषणा की है। इस बड़े विस्तार से राज्य के शहरी, अर्ध-शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले २.२ करोड़ से अधिक ग्राहकों को तेज स्पीड, बेहतर कवरेज और विश्वसनीय नेटवर्क अनुभव मिल रहा है।
कंपनी के अनुसार, यह विस्तार महाराष्ट्र और गोवा के सभी ३६ जिलों में किया गया है। विशेष रूप से गढ़चिरोली, नंदुरबार और सिंधुदुर्ग जैसे विकासशील जिलों में नई साइट्स स्थापित कर कनेक्टिविटी की कमी को दूर करने का प्रयास किया गया है। इससे डिजिटल समावेशन को बढ़ावा मिलने के साथ ही दूरदराज के इलाकों में भी निर्बाध इंटरनेट सुविधा उपलब्ध हो रही है।
एयरटेल ने बताया कि औसतन हर दिन ९ से अधिक नई ५जी साइट्स सक्रिय की जा रही हैं। इसके चलते उपभोक्ता अब बिना रुकावट के वीडियो स्ट्रीमिंग, तेज डाउनलोड, ऑनलाइन शिक्षा, वर्क फ्रॉम होम और डिजिटल भुगतान जैसी सेवाओं का लाभ उठा पा रहे हैं। यह नेटवर्क विस्तार छात्रों, छोटे व्यवसायों, पर्यटकों और सरकारी संस्थानों के लिए भी काफी उपयोगी साबित हो रहा है।
इस मौके पर कंपनी के महाराष्ट्र एवं गोवा के सीईओ रविशंकर मिश्रा ने कहा कि क्षेत्र में डेटा की मांग तेजी से बढ़ रही है और कंपनी का लक्ष्य इस मांग से आगे रहना है। उन्होंने कहा कि विकासशील क्षेत्रों में किया जा रहा निवेश एयरटेल की डिजिटल सशक्तिकरण की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
कंपनी ने अपने ₹३९९ रिचार्ज प्लान में अनलिमिटेड डेटा सुविधा भी शुरू की है, जिससे ग्राहक बिना किसी सीमा की चिंता के इंटरनेट का उपयोग कर सकेंगे। एयरटेल का यह कदम महाराष्ट्र और गोवा में डिजिटल क्रांति को और गति देने वाला माना जा रहा है।
