■ आशा भोसले को दी श्रद्धांजलि

● मुंबई
मुंबई में शास्त्रीय संगीत का सारगर्भित कार्यक्रम ‘राग रसिया’ हाल ही में बोरीवली (पश्चिम) स्थित दैवी एटर्निटी परिसर में हुआ। बनारस घराने की मशहूर शास्त्रीय गायिका श्वेता चक्रवर्ती और जानेमाने संगीत शिक्षक डाॅ देबरंजन गिरी ने अपनी गायिकी की गूंज से समा बांधी। इस अवसर पर शास्त्रीय गायकों व वादकों ने हाल ही में अलविदा हुईं पार्श्वगायिका आशा भोसले की स्मृति में ‘यादों में आशा’ की विशेष संकल्पना के साथ संगीतमय कार्यक्रम प्रस्तुत करके उन्हें श्रद्धांजलि दी।
कार्यक्रम में विधायक संजय उपाध्याय, पूर्व सांसद संजय निरुपम, समाजसेवी मेहुल संघवी, फिल्म निर्माता निर्देशक मोहन परब, पोपट शेठ घनवट व अन्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे। संगीत के उस्ताद डॉ. देवरंजन गिरी और डॉ. श्वेता चक्रवर्ती का विशेष गायन आकर्षण का केंद्र रहा। यह युगल शास्त्रीय संगीत और संस्कृति के क्षेत्र में अपने उल्लेखनीय योगदान के लिए जाना जाता हैं।

“राग रसिया” केवल एक संगीतोत्सव नहीं, बल्कि भारतीय शास्त्रीय संगीत की परंपरा, भावों और रागों की गहराई को महसूस करने का एक अनूठा अवसर है। भारतीय शास्त्रीय संगीत के व्यापक प्रचार-प्रसार और उसका प्रशिक्षण देने में सक्रिय ‘गुरुकुल संगीतालय ट्रस्ट’ के इस महत्वाकांक्षी कार्यक्रम में अनेक नवोदित कलाकारों की मनभावन प्रस्तुति ने खूबरंग जमाया।
इस विशेष आयोजन में संगीत और कला जगत की प्रतिष्ठित हस्तियों की उपस्थिति ने कार्यक्रम की गरिमा को और बढ़ा दिया। कार्यक्रम का संचालन विजय सिंह ने किया।
