- मुंबई । विलेपार्ले स्थित श्री विलेपार्ले केलवणी मंडल के नरसी मोनजी वाणिज्य एवं अर्थशास्त्र महाविद्यालय की शिक्षिका डॉ. ममता शशि झा को महाराष्ट्र शासन के शालेय शिक्षण एवं क्रीड़ा विभाग की ओर से वर्ष 2025-26 के क्रांतिज्योति सावित्रीमाई फुले राज्य शिक्षक गुणगौरव पुरस्कार के तहत आदर्श शिक्षिका पुरस्कार के लिए चुना गया है।

राज्यस्तरीय चयन समिति ने शिक्षा क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट योगदान, विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास तथा नवाचारपूर्ण शैक्षणिक गतिविधियों के लिए उन्हें सम्मानित करने का निर्णय लिया है। इस श्रेणी में पूरे महाराष्ट्र से केवल 8 महिला शिक्षिकाओं का चयन किया गया है, जिनमें डॉ. झा भी शामिल हैं।
शासन के निर्णय के अनुसार इस वर्ष कुल 123 शिक्षकों को सम्मानित किया जाएगा। पुरस्कार वितरण समारोह 3 दिसंबर, 2026 को मुंबई में आयोजित होगा। इस अवसर पर चयनित शिक्षकों को नकद राशि, सम्मान चिह्न और प्रशस्तिपत्र प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा।
