- स्वतंत्रता आंदोलन में मुंबई के योगदान पर प्रकाशित पुस्तकों पर परिसंवाद
- प्रेम शुक्ल बोले, स्वतंत्रता आंदोलन में मुंबई की भूमिका अग्रणी

मुंबई । राष्ट्रीय पुस्तक न्यास की ओर से आयोजित मुंबई पुस्तक महोत्सव के पांचवें दिन महाराष्ट्र के राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा के आगमन से आयोजन को विशेष पहचान मिली। मुख्य आयोजक अमित साटम, मुख्य संयोजक आचार्य पवन त्रिपाठी, न्यास अध्यक्ष डॉ. मिलिंद मराठे और निदेशक युवराज मलिक ने उनका स्वागत किया। राज्यपाल ने महोत्सव के व्यापक आयोजन की सराहना की।

इस अवसर पर आचार्य पवन त्रिपाठी की पुस्तकों ‘आजादी की लड़ाई में मुंबई का योगदान’ और ‘स्वातंत्र्य लढ्यात मुंबईचे योगदान’ पर आयोजित परिसंवाद में भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रेम शुक्ल ने कहा कि स्वतंत्रता आंदोलन में मुंबई की भूमिका अग्रणी रही है। 1857 की क्रांति के प्रयासों से लेकर 9 अगस्त 1942 के भारत छोड़ो आंदोलन और 1946 के नौसेना विद्रोह तक मुंबई ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने मुंबई को लघु भारत बताते हुए कहा कि यहां अनेक भाषाओं और संस्कृतियों के लोग एक साथ रहते हैं। ऐसे में पुस्तक महोत्सव विभिन्न भाषाओं के लोगों को जोड़ने का ऐतिहासिक अवसर है। पूर्व हाउसिंग मंत्री प्रकाश मेहता ने भी पुस्तक की सराहना की। आचार्य त्रिपाठी ने बताया कि मुंबई के स्वतंत्रता आंदोलन में योगदान पर हिंदी पुस्तक की कमी महसूस होने के बाद इसका लेखन किया गया।

पर्यावरण मंत्री पंकजा मुंडे ने पानी बचाने के लिए जीवनशैली में बदलाव पर जोर दिया। पत्रकार अभिषेक शर्मा से बातचीत में उन्होंने कहा कि हर बूंद अनमोल है। पर्यावरण संरक्षण की शुरुआत घर से होनी चाहिए। उन्होंने बताया कि स्वयं उन्होंने शॉवर और बाथटब का इस्तेमाल बंद कर आधी बाल्टी पानी से नहाना शुरू किया है। उन्होंने महिलाओं और युवाओं की भागीदारी को भी महत्वपूर्ण बताया।
फिल्म अभिनेत्री शेफाली शाह ने कहा कि अहंकार छोड़ने पर ही व्यक्ति दूसरों के दर्द और भावनाओं को समझ सकता है। पत्रकार अभिषेक शर्मा से बातचीत में उन्होंने महिलाओं के बीच भावनात्मक जुड़ाव और एक-दूसरे की सराहना करने की प्रवृत्ति का उल्लेख किया।

उच्च एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री चंद्रकांत पाटिल ने कहा कि पुस्तक महोत्सव में उमड़ी भीड़ ने साबित कर दिया है कि मुंबईकरों में भी पढ़ने का गहरा शौक है। उन्होंने राष्ट्रीय ग्रंथ सूची के मराठी विभाग का विमोचन भी किया।
वहीं, लेखक अश्वनी सांघी ने कहा कि कहानी कहने के माध्यम बदल गए हैं। उपन्यासों से शुरू हुआ सफर आज ई-बुक, ऑडियोबुक, फिल्मों और वेब सीरीज तक पहुंच गया है, लेकिन कहानी का महत्व बरकरार है। श्वेता पड्डा से बातचीत में उन्होंने कहा कि अच्छे लेखक की पहचान कठिन भाषा नहीं, बल्कि प्रभावी ढंग से कहानी कहने की कला है।
