- मुंबई । मुंबई सहित महाराष्ट्र के मौसम में बदलाव के संकेत मिलने लगे हैं। रात और सुबह के समय ठंड का एहसास बढ़ रहा है। उत्तर दिशा से आ रही ठंडी हवाओं के कारण आने वाले दिनों में तापमान में और गिरावट होने की संभावना है। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, अगले चार दिनों में महाराष्ट्र के न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट हो सकती है। इसका असर मुंबई और आसपास के इलाकों में भी महसूस होने के आसार हैं।

मौसम विभाग के मुताबिक, गुजरात के आसपास समुद्र तल से करीब 1.5 किलोमीटर की ऊंचाई पर चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। महाराष्ट्र से उत्तर गुजरात तक भी इसी ऊंचाई पर कम दबाव का क्षेत्र विकसित हुआ है। इसके चलते राज्य के अलग-अलग हिस्सों में मौसम में उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है।
राज्य में धुले सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान 11.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। निफाड़ के गेहूं अनुसंधान केंद्र में 12.6 डिग्री, नागपुर में 13.4 डिग्री, गोंदिया में 13.6 डिग्री और नासिक में 14.1 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ।

मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक तापमान में गिरावट का सिलसिला जारी रह सकता है। हालांकि, फिलहाल राज्य में शीतलहर की कोई विशेष चेतावनी नहीं है। मुंबईकरों को भी सुबह और देर रात मौसम में ठंडक महसूस हो सकती है।
