- रोबोटिक नौकाओं का भी इस्तेमाल

- मुंबई । मुंबई के नालों और नदियों से प्लास्टिक सहित अन्य ठोस कचरा समुद्र में पहुंचने से रोकने के लिए मुंबई महानगरपालिका ने विशेष योजना तैयार की है। इसके तहत शहर के नौ प्रमुख स्थानों पर कचरा रोकने के लिए इंटरसेप्टर सिस्टम और विशेष जालियां लगाई जाएंगी। समुद्र में पहले से मौजूद तैरते कचरे को हटाने के लिए रोबोटिक नौकाओं का भी इस्तेमाल होगा। इस प्रस्ताव को स्थायी समिति ने मंजूरी दे दी है।
महानगरपालिका ने अंतरराष्ट्रीय संस्था ‘द ओशन क्लीनअप’ के साथ समझौता किया है। इसके तहत दादर-धारावी, पिरामल, गजधरबंध, कलानगर, राजेंद्रनगर, माहुल और मालवणी नालों सहित मीठी नदी तथा ट्रॉम्बे खाड़ी में कचरा रोकने की व्यवस्था की जाएगी।
इससे पहले मालाड और ट्रॉम्बे में सितंबर 2026 तक 119.5 मीट्रिक टन कचरा एकत्र किया जा चुका है। अब इस व्यवस्था का विस्तार होगा।
समुद्र से कचरा हटाने के लिए ससून डॉक और जमशेदजी बंदरगाह पर दो मानवरहित इलेक्ट्रिक नौकाएं तैनात की जाएंगी। इनके संचालन और रखरखाव पर लगभग 3.78 करोड़ रुपये खर्च होंगे। योजना का उद्देश्य समुद्री प्रदूषण कम करना और जैव विविधता की रक्षा करना है।
