
- मुंबई । मुंबई में लगातार बढ़ते यातायात के दबाव को कम करने और लोगों का सफर आसान बनाने के लिए 31 किलोमीटर लंबे भूमिगत सड़क नेटवर्क की महत्वाकांक्षी योजना तैयार की जा रही है। ‘पाताल लोक’ नाम की इस परियोजना के साकार होने पर मुंबईकरों को ट्रैफिक जाम से बड़ी राहत मिलने और यात्रा के समय में कमी आने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के समक्ष इस परियोजना की समीक्षा की गई। मुंबई महानगर क्षेत्र विकास प्राधिकरण (एमएमआरडीए) ने इसका प्रस्ताव प्रस्तुत किया।

प्रस्तावित भूमिगत सड़क नेटवर्क मुंबई के कई प्रमुख व्यावसायिक, परिवहन और आवासीय क्षेत्रों को आपस में जोड़ेगा। इसके तहत बांद्रा-वर्ली सी लिंक, बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स (बीकेसी), धारावी, बुलेट ट्रेन स्टेशन और छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के टर्मिनल-2 को जोड़ने की योजना है। इसके अलावा भूमिगत मार्ग को वेस्टर्न और ईस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे से भी जोड़ा जाएगा।

परियोजना का सबसे बड़ा लाभ यह होगा कि वाहनों को व्यस्त सड़कों पर लंबी दूरी तक चलने की जरूरत कम होगी। भूमिगत मार्ग उपलब्ध होने से पूर्वी और पश्चिमी उपनगरों के बीच आवागमन अधिक सुगम हो सकेगा। साथ ही व्यावसायिक क्षेत्रों, हवाई अड्डे और प्रमुख परिवहन केंद्रों तक पहुंचने में लगने वाला समय घटने की संभावना है।
इस परियोजना से मुंबई की सतही सड़कों पर वाहनों का दबाव कम करने, ट्रैफिक जाम घटाने और मौजूदा सड़क नेटवर्क की क्षमता का बेहतर उपयोग करने में मदद मिल सकती है। हालांकि, योजना को अमलीजामा पहनाने से पहले आवश्यक तकनीकी और प्रशासनिक मंजूरियां हासिल करनी होंगी।
