
● मुंबई
महानगर में पहली बार आयोजित ‘कहानी दिन भर’ कार्यक्रम में देशभर के नामचीन कथाकार एक मंच पर जुटेंगे। 26 अप्रैल को सुबह 10 बजे से शाम 7 बजे तक चलने वाले इस अभिनव आयोजन में एक ही दिन में दो सत्र, दो मंच और 24 कथाकारों की सहभागिता रहेगी। कार्यक्रम का आयोजन मणिबेन नानावटी महिला कॉलेज के कॉन्फ्रेंस रूम में किया जाएगा।
समारोह का उद्घाटन प्रख्यात कथाकार बलराम (दिल्ली) करेंगे। मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. संजीव कुमार (इंडिया नेटबुक्स, दिल्ली) उपस्थित रहेंगे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ लेखिका सूर्यबाला करेंगी।
इस आयोजन के प्रमुख संयोजक डॉ. राजश्री त्रिवेदी (प्राचार्या, मणिबेन नानावटी महिला कॉलेज) और हरीश पाठक (अध्यक्ष, कथा) हैं। ‘नेट वेल्यू’ द्वारा प्रायोजित इस कार्यक्रम के दूसरे सत्र की अध्यक्षता विश्वनाथ सचदेव करेंगे। मुख्य अतिथि सुदर्शना द्विवेदी रहेंगी, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ. संजीव कुमार और सीमा कपूर की उपस्थिति रहेगी।
कार्यक्रम का संचालन दिनेश शाकुल, विवेक अग्रवाल और डॉ. अंजु शर्मा द्वारा किया जाएगा। रवींद्र कात्यायन, हूबनाथ पाण्डेय और श्रीमती कमलेश पाठक के संयोजन में आयोजित इस साहित्यिक आयोजन में अस्मिता थिएटर ग्रुप के अभिनेता शिव चौहान ‘अंधा युग’ के एक अंश का मंचन भी प्रस्तुत करेंगे।
