■ नासिक-त्र्यंबकेश्वर में विकास कार्यों को मिलेगा नया वेग

● नासिक
आगामी सिंहस्थ कुंभ मेले की तैयारियों को लेकर देवेंद्र फडणवीस ने नासिक और त्र्यंबकेश्वर क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों को और गति देने का संकेत दिया है। अपने त्र्यंबकेश्वर दौरे के दौरान उन्होंने व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए स्पष्ट किया कि समयसीमा को ध्यान में रखते हुए अब कार्यों में तेजी लाना अनिवार्य है।
मुख्यमंत्री ने त्र्यंबकेश्वर मंदिर में विधिवत दर्शन-पूजन के बाद मौके पर मौजूद अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान छगन भुजबल, राधाकृष्ण विखे पाटील और गिरीश महाजन सहित कई वरिष्ठ मंत्री, अधिकारी और अखाड़ों के महंत उपस्थित रहे।
फडणवीस ने कहा कि कुंभ मेले की तैयारियां संतोषजनक दिशा में आगे बढ़ रही हैं, परंतु आयोजन के नजदीक आते ही कार्यों की रफ्तार बढ़ाना जरूरी हो जाता है। राज्य सरकार का लक्ष्य है कि श्रद्धालुओं को सुगम, सुरक्षित और सुव्यवस्थित वातावरण मिले, इसके लिए हर स्तर पर प्रयास तेज किए जा रहे हैं।
उन्होंने यह भी संकेत दिया कि त्र्यंबकेश्वर के समग्र विकास को लेकर अखाड़ों के महंतों के साथ शीघ्र ही एक अहम बैठक बुलाई जाएगी। इस बैठक में आधारभूत सुविधाओं, यातायात प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था और अन्य जरूरी पहलुओं पर विस्तार से मंथन किया जाएगा, ताकि आयोजन को व्यवस्थित और सफल बनाया जा सके।
