
● मुंबई
आर्थिक राजधानी मुंबई के प्रतिष्ठित जुहू इलाके में समुद्र तट से सटा ऐतिहासिक ‘लीला बंगला’ 221 करोड़ रुपये की बड़ी डील में बिक गया है। इस सौदे ने एक बार फिर शहर के प्रीमियम रियल एस्टेट बाजार में दुर्लभ स्वतंत्र और विरासत संपत्तियों की मांग को रेखांकित किया है।
करीब सात दशक पुराना यह आर्ट डेको शैली का बंगला ग्रेड आईआईबी हेरिटेज श्रेणी में शामिल है। यह संपत्ति पहले उद्योगपति गौतम नानावटी के स्वामित्व में थी, जिनका परिवार नानावटी मैक्स सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल से जुड़ा रहा है।
इस प्रतिष्ठित बंगले को नौटंदास रियल्टी ने खरीदा है, जो महेश नोतंदास ज्वेलर्स समूह का हिस्सा है। सौदे में महेश नोतंदास जगवानी और हर्ष महेश जगवानी प्रमुख खरीदारों के रूप में शामिल हैं।
करीब 1,355 वर्ग मीटर क्षेत्र में फैली इस संपत्ति का निर्मित क्षेत्र लगभग 8,480 वर्ग फुट है। इसके अलावा 2,500 वर्ग फुट का टेरेस और लगभग 5,000 वर्ग फुट का विस्तृत गार्डन इसे और विशिष्ट बनाते हैं।
रियल एस्टेट विशेषज्ञों का मानना है कि जुहू जैसे समुद्र तटीय क्षेत्रों में इस तरह की विरासत संपत्तियां बेहद सीमित हैं। यही वजह है कि निवेशकों के बीच इनकी मांग लगातार ऊंची बनी रहती है, जबकि हेरिटेज नियमों के चलते इनके विकास पर कुछ प्रतिबंध भी लागू होते हैं।
