■ मध्य पूर्व में नरमी के संकेत, ईरान ने खोला हवाई रास्ता

● तेहरान
मध्य पूर्व में जारी तनावपूर्ण परिस्थितियों के बीच एक सकारात्मक पहलू सामने आया है। ईरान की राजधानी तेहरान से अंतरराष्ट्रीय हवाई सेवाओं की बहाली ने हालात में धीरे-धीरे आ रही नरमी के संकेत दिए हैं। देश के प्रमुख इमाम खुमैनी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा ने शनिवार सुबह से अंतरराष्ट्रीय यात्री उड़ानों का संचालन पुनः शुरू कर दिया।
काफी समय से संघर्ष जैसे हालात के कारण बंद पड़े हवाई मार्ग अब फिर सक्रिय होने लगे हैं। नागरिक विमानों की वापसी को वैश्विक स्तर पर तनाव में कमी के संकेत के रूप में देखा जा रहा है। हवाई अड्डा प्रशासन के अनुसार, सेवाएं बहाल होते ही तेहरान से पहली उड़ानें मस्कट, इस्तांबुल और मदीना के लिए रवाना हुईं।
इन सेवाओं के दोबारा शुरू होने से विदेशों में फंसे यात्रियों को राहत मिली है, साथ ही कूटनीतिक स्तर पर भी इसे एक अहम बदलाव के रूप में देखा जा रहा है। यह संकेत देता है कि क्षेत्र में हालात धीरे-धीरे सामान्य स्थिति की ओर बढ़ रहे हैं।
इससे पहले, ईरान के दूसरे प्रमुख शहर मशहद के हवाई अड्डे को भी सप्ताह की शुरुआत में खोल दिया गया था। उत्तर-पूर्वी ईरान का यह शहर धार्मिक और व्यावसायिक दृष्टि से अहम माना जाता है। अब देश के अन्य हिस्सों में भी चरणबद्ध तरीके से हवाई सेवाओं की बहाली जारी है, जो यह दर्शाता है कि ईरान सामान्य जनजीवन को पटरी पर लाने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
