
● लद्दाख
केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख में प्रशासनिक सुदृढ़ीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने पांच नए जिलों के गठन को मंजूरी देते हुए इसे क्षेत्र के विकास के लिए ऐतिहासिक पहल बताया है। इस निर्णय के बाद अब लद्दाख में जिलों की कुल संख्या बढ़कर सात हो गई है।
उपराज्यपाल ने सोशल मीडिया के माध्यम से जानकारी देते हुए कहा कि यह फैसला लंबे समय से चली आ रही मांगों को पूरा करने और स्थानीय जनभावनाओं को सम्मान देने की दिशा में उठाया गया है। नए जिलों के रूप में नुब्रा, शाम, चांगथांग, ज़ांस्कर और द्रास को शामिल किया गया है।
इस पुनर्गठन से आम लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। अब छोटे-छोटे कार्यों के लिए दूरस्थ जिला मुख्यालयों तक लंबी दूरी तय करने की आवश्यकता कम होगी। स्थानीय स्तर पर प्रशासनिक सेवाओं की उपलब्धता से न केवल जनसुविधाएं बढ़ेंगी, बल्कि विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में भी गति आएगी।
विशेषज्ञों का मानना है कि सीमावर्ती क्षेत्र लद्दाख में यह निर्णय सुशासन को मजबूत करने के साथ-साथ विकास की रफ्तार को भी नई दिशा देगा।
