
● कोलकाता
पश्चिम बंगाल में दो चरणों में सभी 294 विधानसभा सीटों पर मतदान प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, और अब 4 मई को मतगणना होनी है। इससे पहले निर्वाचन आयोग ने बड़ा निर्णय लेते हुए 2 मई को राज्य के 15 मतदान केंद्रों पर पुनर्मतदान कराने का आदेश दिया है।
यह फैसला मतदान के दौरान सामने आई अनियमितताओं की शिकायतों के बाद लिया गया है। आयोग के अनुसार, डायमंड हार्बर और मगराहट पश्चिम विधानसभा क्षेत्रों के कुल 15 बूथों पर दोबारा वोटिंग कराई जाएगी, ताकि चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता सुनिश्चित की जा सके।
इससे पहले राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी मनोज कुमार अग्रवाल ने संकेत दिए थे कि ऑब्जर्वर की रिपोर्ट के आधार पर कुछ संवेदनशील क्षेत्रों में पुनर्मतदान की संभावना है। खास तौर पर दक्षिण 24 परगना जिले के कुछ इलाकों को लेकर अतिरिक्त सतर्कता बरती गई है।
निर्वाचन आयोग के इस कदम को चुनाव की पारदर्शिता और विश्वसनीयता बनाए रखने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अब सभी की निगाहें 4 मई को होने वाली मतगणना पर टिकी हैं, जो चुनावी तस्वीर को पूरी तरह स्पष्ट कर देगी।
