■ उपनगरीय सेवाओं में बदलाव

● मुंबई
मेट्रो लाइन-6 के निर्माण को गति देने के लिए पश्चिम रेलवे ने उपनगरीय रेल सेवाओं में अस्थायी बदलाव लागू करने का निर्णय लिया है। रेलवे प्रशासन के अनुसार, राम मंदिर और जोगेश्वरी स्टेशनों के बीच स्टील गर्डर लॉन्चिंग के लिए 2 और 3 मई की मध्यरात्रि में मेजर ब्लॉक लिया जाएगा।
मुख्य जनसंपर्क अधिकारी विनीत अभिषेक ने बताया कि यह ब्लॉक छठी लाइन पर 2 मई की रात 21:30 बजे से 3 मई की सुबह 07:30 बजे तक, कुल 10 घंटे प्रभावी रहेगा। इसके साथ ही अप फास्ट लाइन और पांचवीं लाइन पर भी रात 01:00 बजे से 04:00 बजे तक अतिरिक्त ब्लॉक लिया जाएगा।
ब्लॉक के दौरान छठी लाइन की सभी ट्रेनें बोरीवली और अंधेरी के बीच अप फास्ट लाइन से संचालित की जाएंगी। इस कारण कुछ अप और डाउन उपनगरीय सेवाओं को आंशिक रूप से निरस्त करना पड़ेगा। यात्रियों की सुविधा के लिए विस्तृत जानकारी सभी उपनगरीय स्टेशनों पर उपलब्ध कराई गई है।
इस कार्य का असर लंबी दूरी की ट्रेनों पर भी पड़ेगा। ट्रेन संख्या 19038 बरौनी–बांद्रा टर्मिनस अवध एक्सप्रेस सूरत और बोरीवली के बीच लगभग 30 मिनट की देरी से चलेगी।
पश्चिम रेलवे ने यात्रियों से अनुरोध किया है कि वे यात्रा से पहले समय-सारिणी की जानकारी अवश्य प्राप्त करें और घोषित ब्लॉक को ध्यान में रखते हुए अपनी योजना बनाएं, ताकि अनावश्यक असुविधा से बचा जा सके।
