- 2 रुपए सफाई शुल्क के साथ मुफ्त शौचालय की सुविधा

● मुंबई
महाराष्ट्र राज्य मार्ग परिवहन महामंडल (एसटी) ने यात्रियों को बेहतर सुविधाएं देने के लिए बड़ा फैसला लिया है। अब ‘लालपरी’ यानी एसटी बस से सफर करने पर यात्रियों को हर टिकट पर 2 रुपए का ‘स्वच्छता अधिभार’ देना होगा। यह निर्णय 15 अप्रैल 2026 से लागू हो चुका है, जबकि 1 जून 2026 से नई सुविधाएं पूरी तरह लागू कर दी जाएंगी।
इस फैसले के तहत राज्य के सभी एसटी बस स्टैंड पर शौचालयों को यात्रियों के लिए पूरी तरह मुफ्त कर दिया जाएगा। इसके अलावा बस स्टैंड और बसों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने के लिए निजी ठेकेदारों की नियुक्ति की जाएगी। हर चार घंटे में सफाई अनिवार्य होगी, जिससे यात्रियों को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण मिल सके।
एसटी बसों की सफाई को लेकर भी सख्त नियम बनाए गए हैं। हर बस को यात्रा शुरू करने से पहले अंदर और बाहर से पूरी तरह साफ रखना अनिवार्य होगा। साथ ही, प्रमुख बस अड्डों पर वाचनालय (रीडिंग एरिया) शुरू करने और चालक-परिचालकों के विश्राम कक्षों को बेहतर बनाने की योजना भी बनाई गई है।
हालांकि, इस फैसले से यात्रियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ भी पड़ेगा। खासकर उन यात्रियों में नाराजगी देखी जा रही है, जो ‘अमृत ज्येष्ठ नागरिक योजना’ के तहत मुफ्त यात्रा करते हैं, क्योंकि उन्हें भी 2 रुपए का अधिभार देना पड़ रहा है।
बताया जा रहा है कि इस अधिभार से प्रतिदिन करीब 1 करोड़ रुपए से अधिक की आय होगी, जिसे पूरी तरह से स्वच्छता और सुविधाओं पर खर्च किया जाएगा। एसटी प्रशासन का कहना है कि यह कदम यात्रियों को बेहतर अनुभव देने के लिए उठाया गया है, जिससे भविष्य में बस यात्रा और अधिक आरामदायक व स्वच्छ बन सके।
