
● नई दिल्ली
महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए भारतीय टीम का ऐलान कर दिया गया है। बीसीसीआई ने 15 सदस्यीय स्क्वॉड की घोषणा की, जिसमें अनुभवी और युवा खिलाड़ियों का संतुलित मिश्रण देखने को मिलता है। टीम की कमान एक बार फिर हरमन प्रीत कौर को सौंपी गई है, जबकि स्मृति मंधाना उपकप्तान की भूमिका निभाएंगी।
इंग्लैंड में 12 जून से 5 जुलाई तक आयोजित होने वाले आईसीसी वुमन्स विश्व कप 2026 के लिए घोषित इस टीम में एक चौंकाने वाला नाम भी शामिल है। विमेंस प्रीमियर लीग 2026 में अपने प्रदर्शन से सुर्खियां बटोरने वाली तेज गेंदबाज नंदिनी शर्मा को पहली बार राष्ट्रीय टीम में जगह मिली है।
चंडीगढ़ की 24 वर्षीय नंदिनी ने अपने डेब्यू सीजन में ही प्रभावशाली गेंदबाजी करते हुए 17 विकेट हासिल किए और संयुक्त रूप से सर्वाधिक विकेट लेने वाली गेंदबाज बनीं। टीम में यस्तिका भाटिया और राधा यादव की वापसी हुई है। वहीं, अनुष्का शर्मा, उमा चेत्री और कश्वी गौतम को इस बार टीम में जगह नहीं मिल सकी है।
