- डॉ. अल्का आर. पाटिल का व्याख्यान

● मुंबई
मुंबई विश्वविद्यालय के लिए यह ऐतिहासिक क्षण रहा, जब पहली बार उसके विधि विभाग के किसी प्रोफेसर को अमेरिका के प्रतिष्ठित कोलंबिया विश्वविद्यालय ने आमंत्रित किया। इस अवसर पर असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. अल्का आर पाटिल ने डॉ. भीमराव रामजी आंबेडकर की 135वीं जयंती के उपलक्ष्य में विशेष व्याख्यान देकर अंतरराष्ट्रीय मंच पर विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व किया।
मुंबई विश्वविद्यालय के विधि विभाग की असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. अल्का आर. पाटिल को अमेरिका के कोलंबिया विश्वविद्यालय में डॉ. भीमराव रामजी आंबेडकर की 135वीं जयंती के उपलक्ष्य में विशेष व्याख्यान देने के लिए आमंत्रित किया गया। डॉ. आंबेडकर, जो कोलंबिया विश्वविद्यालय के प्रतिष्ठित पूर्व विद्यार्थियों में से एक थे, उनके सम्मान में आयोजित इस कार्यक्रम में डॉ. पाटिल ने बतौर अतिथि वक्ता अपनी विद्वत्तापूर्ण प्रस्तुति दी।
डॉ. पाटिल के व्याख्यान का शीर्षक ‘द कोलंबिया एलुम्नस हू बिल्ट द नेशन: डॉ. बी. आर. आंबेडकर’ था। इस व्याख्यान में उन्होंने डॉ. आंबेडकर की बौद्धिक यात्रा, उनके वैश्विक शैक्षणिक अनुभव और भारत के संविधान निर्माण में उनके ऐतिहासिक योगदान का गहन विश्लेषण प्रस्तुत किया।
उन्होंने वाइस चांसलर (कुलपति) डॉ. रवींद्र कुलकर्णी, प्रो-वाइस चांसलर डॉ. अजय भांबरे तथा रजिस्ट्रार डॉ. प्रसाद करांडे के सहयोग को विशेष रूप से सराहा, जिनके मार्गदर्शन और समर्थन से यह उपलब्धि संभव हो सकी।
