
● मुंबई
महाराष्ट्र सरकार के भाषा संचालनालय द्वारा 28 जून 2026 को प्रस्तावित हिंदी भाषा परीक्षा को फिलहाल रद्द कर दिया गया है। उद्योग एवं मराठी भाषा मंत्री उदय सामंत ने इसकी जानकारी देते हुए कहा कि विभिन्न संगठनों के विरोध के मद्देनज़र यह निर्णय लिया गया है।
यह परीक्षा राज्य के राजपत्रित और अराजपत्रित कर्मचारियों के लिए अनिवार्य रूप से आयोजित की जानी थी, जिसके चलते विवाद खड़ा हो गया था। कई संगठनों ने आरोप लगाया कि मराठी भाषी कर्मचारियों पर हिंदी थोपने का प्रयास किया जा रहा है।
मराठी अभ्यास केंद्र के डॉ. दीपक पवार ने इस प्रस्ताव का कड़ा विरोध किया था। वहीं, महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के नेता संदीप देशपांडे ने भी इसे राज्य की भाषाई अस्मिता से जोड़ते हुए आंदोलन की चेतावनी दी थी।
मंत्री उदय सामंत ने स्पष्ट किया कि यह परीक्षा वर्ष 1976 के नियमों के आधार पर आयोजित की जानी थी, लेकिन मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए अब इसकी आवश्यकता और प्रासंगिकता की पुनः समीक्षा की जाएगी।
