
● कोलकाता
पश्चिम बंगाल की राजनीति में ऐतिहासिक बदलाव के बाद नई सरकार के गठन को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सामिक भट्टाचार्य ने बुधवार को घोषणा की कि राज्य की नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह 9 मई को कोलकाता के प्रतिष्ठित ब्रिगेड परेड ग्राउंड में आयोजित किया जाएगा। समारोह सुबह 10 बजे से शुरू होगा, जिसमें बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं, वरिष्ठ नेताओं और आम नागरिकों की उपस्थिति रहने की संभावना है।
पार्टी सूत्रों के अनुसार, इस भव्य आयोजन में प्रधानमंत्री, एनडीए और भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री समेत कई प्रमुख हस्तियां शामिल होंगी। साथ ही, नई सरकार में लगभग दो दर्जन मंत्रियों को शपथ दिलाई जाएगी, जिससे शासन के नए दौर की औपचारिक शुरुआत होगी।
उल्लेखनीय है कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव दो चरणों में संपन्न हुए थे और 4 मई को हुई मतगणना में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस को करारी हार का सामना करना पड़ा। भाजपा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 207 सीटों पर विजय प्राप्त की, जबकि तृणमूल कांग्रेस महज 80 सीटों पर सिमट गई। पिछले चुनाव में 215 सीटें जीतने वाली तृणमूल कांग्रेस के 15 वर्षों के लंबे शासन का इस परिणाम के साथ समापन हो गया है।
