■ ईरान-अमेरिका में युद्ध विराम की औपचारिक घोषणा संभव

● तेहरान
मध्य-पूर्व में लंबे समय से जारी तनाव अब थमता हुआ नजर आ रहा है। ईरान और अमेरिका के बीच युद्ध समाप्त करने को लेकर सहमति बनने की खबर है और अगले 48 घंटों के भीतर औपचारिक समझौते पर हस्ताक्षर होने की संभावना जताई जा रही है। समझौते के बाद दोनों देश आधिकारिक तौर पर संघर्ष खत्म करने की घोषणा कर सकते हैं।
एक्सिओस की रिपोर्ट, जो व्हाइट हाउस के सूत्रों पर आधारित है, के अनुसार पहली बार दोनों देशों के बीच साझा सहमति का रास्ता निकला है। प्रस्तावित समझौता संक्षिप्त, एक पन्ने का दस्तावेज़ होगा, जिसमें कुछ प्रमुख मुद्दों पर स्पष्ट सहमति दर्ज की जाएगी।
समझौते के तहत ईरान अपने परमाणु कार्यक्रम को लेकर बड़ा कदम उठा सकता है। वह परमाणु हथियार न बनाने और यूरेनियम संवर्धन रोकने की घोषणा करेगा। साथ ही उसके पास मौजूद संवर्धित यूरेनियम को कम करने या समाप्त करने की दिशा में भी पहल की जाएगी। दूसरी ओर अमेरिका, ईरान पर लगे आर्थिक प्रतिबंधों में ढील देने की दिशा में आगे बढ़ सकता है।
रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर भी सहमति बनी है। इस मार्ग को पूरी तरह खोलने से वैश्विक जहाजरानी और तेल आपूर्ति को राहत मिलेगी। यह संभावित समझौता क्षेत्रीय स्थिरता और वैश्विक अर्थव्यवस्था के लिए अहम माना जा रहा है।
