
● नई दिल्ली
उत्तर प्रदेश के बहुप्रतीक्षित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से 15 जून से नियमित यात्री उड़ानों का संचालन शुरू होने जा रहा है। एयरपोर्ट की पहली निर्धारित उड़ान देश की आर्थिक राजधानी मुंबई के लिए होगी, जिससे नोएडा और मुंबई के बीच सीधी हवाई सेवा का रास्ता खुल जाएगा।
इस नई कनेक्टिविटी को व्यापार और कॉरपोरेट जगत के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। नोएडा, ग्रेटर नोएडा और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में बड़ी संख्या में राष्ट्रीय तथा बहुराष्ट्रीय कंपनियां संचालित हैं, जिनका मुंबई से लगातार व्यावसायिक संपर्क रहता है। ऐसे में यह सेवा उद्योग, निवेश और कारोबारी यात्राओं को नई गति दे सकती है।
जानकारी के मुताबिक, इस रूट पर उड़ानों का संचालन इंडिगो द्वारा किया जाएगा। टिकट बुकिंग प्रक्रिया जल्द शुरू होने की संभावना है। सूत्रों के अनुसार, उद्घाटन दिवस पर दो अन्य उड़ानों को भी संचालन सूची में शामिल करने की तैयारी चल रही है।
इसी दिन लखनऊ और अयोध्या के लिए विशेष उड़ानों की भी योजना बनाई गई है। इन उड़ानों में उन किसानों को आमंत्रित किया जाएगा, जिन्होंने एयरपोर्ट निर्माण के लिए अपनी जमीन दी थी। प्रस्तावित कार्यक्रम के तहत किसानों को पहले अयोध्या में भगवान श्रीराम के दर्शन कराए जाएंगे, इसके बाद लखनऊ में उनका सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा।
