
● मुंबई
देश के अग्रणी कैंसर उपचार और शोध संस्थान टाटा मेमोरियल हॉस्पिटल में मरीजों की बेहतर देखभाल और सटीक जांच सुनिश्चित करने के लिए अत्याधुनिक तकनीक को शामिल किया गया है। कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व (सीएसआर) के तहत यहां स्वचालित ट्यूब लेबलिंग और बारकोडिंग (एपीटीएल) प्रणाली की स्थापना की गई है। इस पहल की जानकारी मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने दी।
इस परियोजना के तहत तीन आधुनिक एपीटीएल मशीनें लगाई गई हैं, जो जांच नमूनों की पहचान और लेबलिंग को पूरी तरह स्वचालित बनाएंगी। इससे मानवीय त्रुटियों में कमी आएगी और जांच प्रक्रिया अधिक तेज व सटीक होगी। विशेष रूप से कैंसर जैसे गंभीर रोगों में यह तकनीक समय पर और सही निदान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि इस नई प्रणाली से नमूनों के प्रबंधन में होने वाली गलतियां और देरी कम होंगी, जिससे डॉक्टरों को अधिक विश्वसनीय रिपोर्ट मिलेगी। इसके परिणामस्वरूप मरीजों का इलाज अधिक प्रभावी और सुरक्षित तरीके से किया जा सकेगा।
इस पहल के जरिए अस्पताल की प्रयोगशाला सेवाएं आधुनिक तकनीक के अनुरूप बनेंगी और यह विश्वस्तरीय स्वास्थ्य सेवाओं की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इस परियोजना में इंडियन आयल कारपोरेशन का सहयोग भी रहा है।
