■ बेस्ट इंफ्रास्ट्रक्चर रिपोर्ट श्रेणी में मिला प्रथम पुरस्कार
■ पूर्व थलसेना प्रमुख जनरल नरवणे ने किया सम्मानित

● मुंबई
वरिष्ठ टीवी पत्रकार तथा ‘श्रेष्ठ भारत’ डिजिटल चैनल के एडिटर (स्पेशल प्रोजेक्ट) सुनील सिंह को इंफ्रास्ट्रक्चर क्षेत्र में विशिष्ट रिपोर्टिंग के लिए TVJA एक्सीलेंस अवॉर्ड के प्रथम पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। भारत के पूर्व थलसेना प्रमुख जनरल मनोज नरवणे ने उन्हें यह प्रतिष्ठित सम्मान प्रदान किया।
मंगलवार शाम दादर स्थित रवींद्र नाट्य मंदिर में टीवी जर्नलिस्ट एसोसिएशन की ओर से आयोजित समारोह में टीवी पत्रकारिता की विभिन्न श्रेणियों में पुरस्कार वितरित किए गए। कार्यक्रम में महाराष्ट्र सरकार के मंत्री आशीष शेलार, प्रताप सरनाइक, आशीष जायसवाल, विधायक प्रसाद लाड सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित थे।
उल्लेखनीय है कि मिजोरम में पहली बार रेल पहुंचने के दौरान दुर्गम पहाड़ियों और घाटियों के बीच हुए इंफ्रास्ट्रक्चर विकास, रेल पटरियों के निर्माण और इस चुनौतीपूर्ण परियोजना की विस्तृत ग्राउंड रिपोर्टिंग सुनील सिंह ने बेहद साहस और प्रभावशाली शैली में की थी। इससे पहले उन्होंने नक्सलवाद प्रभावित गढ़चिरौली में नक्सलियों की चुनौतियों, उनके पराभव तथा क्षेत्र के सामाजिक और औद्योगिक विकास पर भी उल्लेखनीय ग्राउंड रिपोर्टिंग की थी। इसके लिए उन्हें ‘गौतम प्रतिष्ठान’ के विशेष पुरस्कार से भी सम्मानित किया जा चुका है।
हाल ही में उन्होंने लोणावला के समीप सह्याद्रि पर्वतमाला की टाइगर वैली के नीचे से गुजरने वाली दुनिया की सबसे चौड़ी सुरंगों तथा भारत के सबसे ऊंचे केबल-स्टेड ब्रिज से जुड़ी ग्राउंड रिपोर्टिंग भी अत्यंत रोचक ढंग से प्रस्तुत की।
इन दिनों सुनील सिंह इंफ्रास्ट्रक्चर और विकास परियोजनाओं की ग्राउंड रिपोर्टिंग के लिए अपनी विशिष्ट पहचान बना चुके हैं। महाराष्ट्र की विकास योजनाओं पर आधारित उनका साप्ताहिक शो ‘श्रेष्ठ महाराष्ट्र’ भी दर्शकों के बीच काफी लोकप्रिय हो रहा है।
