■ उत्तर प्रदेश में प्रक्रिया 7 मई से 21 मई 2026 तक चलेगी
■ महाराष्ट्र और राजस्थान में यह सुविधा 1 मई से 15 मई 2026 तक उपलब्ध

● मुंबई
आगामी जनगणना प्रक्रिया में लोगों की भागीदारी आसान बनाने के लिए सरकार ने स्वयं गणना (सेल्फ-एन्यूमरेशन) की सुविधा शुरू की है। इसके तहत नागरिक घर बैठे ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से अपनी और अपने परिवार की जानकारी दर्ज कर सकेंगे। इसके लिए विशेष सेल्फ-एन्यूमरेशन पोर्टल तैयार किया गया है।
स्वयं गणना में भाग लेने के लिए नागरिकों को सबसे पहले पोर्टल पर जाकर अपने मोबाइल नंबर से लॉगिन करना होगा। इसके बाद पोर्टल पर उपलब्ध मैप टूल की सहायता से अपनी सही लोकेशन चिन्हित करनी होगी। फिर परिवार और घर से जुड़ी सभी आवश्यक जानकारी तथा जनगणना फॉर्म भरना होगा। सभी विवरण भरने के बाद जानकारी ऑनलाइन जमा करनी होगी।
जानकारी सफलतापूर्वक जमा होने के बाद प्रत्येक व्यक्ति को एक विशेष सेल्फ-एन्यूमरेशन आईडी जारी की जाएगी। बाद में जब जनगणना कर्मी घर-घर सर्वेक्षण के दौरान पहुंचेंगे, तब नागरिकों को यह आईडी दिखानी होगी। जनगणना कर्मी जानकारी का सत्यापन करेंगे, जिसके बाद वह आधिकारिक रूप से जनगणना में शामिल कर ली जाएगी।
सरकार द्वारा विभिन्न राज्यों के लिए स्वयं गणना की तिथियां भी तय की गई हैं। उत्तर प्रदेश में यह प्रक्रिया 7 मई से 21 मई 2026 तक चलेगी। वहीं महाराष्ट्र और राजस्थान में यह सुविधा 1 मई से 15 मई 2026 तक उपलब्ध रहेगी।
अधिकारियों के अनुसार, इस नई व्यवस्था से जनगणना प्रक्रिया अधिक पारदर्शी, तेज और सुविधाजनक बनने की उम्मीद है।
● कैसे करें स्व-गणना पंजीकरण?
जनगणना 2027 में नाम दर्ज करने के लिए आधिकारिक पोर्टल se.census.gov.in पर जाकर ‘स्व-गणना’ (Self-Enumeration) फॉर्म भरें। परिवार के मुखिया के नाम, मोबाइल नंबर और ओटीपी से लॉगिन कर, घर का पता, सदस्यों की जानकारी और मकान का विवरण दर्ज करें। अंत में सबमिट कर 11 अंकों की SE ID प्राप्त करें।
