
● मुंबई
मुंबई को पानी सप्लाई करने वाले सातों जलाशयों में जलस्तर तेजी से घटने के कारण महानगरपालिका ने शुक्रवार, 15 मई से शहर में 10 प्रतिशत पानी कटौती लागू करने का निर्णय लिया है। वर्तमान में जलाशयों में केवल 23.52 प्रतिशत ही उपयोगी पानी शेष बचा है। बढ़ती गर्मी, तेजी से हो रहा वाष्पीकरण तथा आगामी मानसून को लेकर भारतीय मौसम विभाग द्वारा अल नीनो और आईओडी के संबंध में जताई गई आशंकाओं को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया है।
पालिका प्रशासन के अनुसार, 11 मई तक मुंबई को पानी उपलब्ध कराने वाले जलाशयों में कुल 3 लाख 40 हजार 399 मिलियन लीटर उपयोगी जलसंचय शेष है, जो वार्षिक आवश्यकता का मात्र 23.52 प्रतिशत है। उपलब्ध पानी लंबे समय तक पर्याप्त रहे, इसके लिए एहतियातन यह कटौती लागू की जा रही है।
हालांकि, पालिका ने नागरिकों से घबराने की आवश्यकता नहीं होने की अपील की है। प्रशासन ने बताया कि भातसा बांध के आरक्षित जलसंचय से 1 लाख 47 हजार 92 मिलियन लीटर तथा अपर वैतरणा बांध से 90 हजार मिलियन लीटर अतिरिक्त पानी उपलब्ध कराया जाएगा।
मुंबई के साथ-साथ ठाणे, भिवंडी-निजामपुर महानगरपालिका और अन्य क्षेत्रों को होने वाली पानी सप्लाई में भी 15 मई से 10 प्रतिशत कटौती लागू रहेगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जलाशयों में संतोषजनक जलसंचय बढ़ने तक यह कटौती जारी रहेगी।
