
● मुंबई
दुनियाभर में हंता वायरस को लेकर बढ़ती चिंता के बीच मुंबई के डॉक्टरों ने शहर में व्यापक स्तर पर पेस्ट कंट्रोल उपायों को अपनाने की सलाह दी है। हालांकि बृहन्मुंबई महानगरपालिका ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल इस संबंध में कोई आधिकारिक स्वास्थ्य एडवाइजरी जारी नहीं की गई है और भारत में इसके मामले बेहद दुर्लभ हैं।
विशेषज्ञों के अनुसार, मुंबई जैसे घनी आबादी वाले शहर में गोदामों, बाजारों, पुराने भवनों और सार्वजनिक स्थानों पर चूहों की संख्या अधिक है, जिससे सावधानी बरतना जरूरी हो जाता है। डॉक्टरों ने कहा कि संक्रमण मुख्य रूप से चूहों के मूत्र, लार या मल के संपर्क में आने या उसके कण हवा में फैलने से होता है।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने स्पष्ट किया कि आम लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है, क्योंकि भारत में अब तक इसके मामले बहुत कम सामने आए हैं। हालांकि, बंद या धूलभरे स्थानों जैसे स्टोररूम, बेसमेंट या गोदाम की सफाई करते समय विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
डॉक्टरों ने लोगों से अपील की है कि वे सूखे कचरे या चूहों के मल को झाड़ू या वैक्यूम से साफ करने से बचें, क्योंकि इससे संक्रमण के कण हवा में फैल सकते हैं। इसके बजाय गीले कपड़े से सफाई करें, मास्क और दस्ताने का उपयोग करें तथा संक्रमित स्थानों को पहले डिसइंफेक्ट करें।
