
● कोलकाता
पश्चिम बंगाल में सुवेंदु अधिकारी के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार ने अपने प्रमुख चुनावी वादों पर तेजी से अमल शुरू कर दिया है। भाजपा विधायक अर्जुन सिंह ने कहा है कि अब सार्वजनिक सड़कों पर नमाज पढ़ने की अनुमति नहीं दी जाएगी। सरकार के इस रुख के बाद राज्य की राजनीति में नया सियासी विवाद खड़ा होने के आसार दिखाई दे रहे हैं।
एक टीवी इंटरव्यू में अर्जुन सिंह ने सरकार के शुरुआती फैसलों का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रशासन ने कानून-व्यवस्था, अवैध गतिविधियों और सार्वजनिक स्थलों पर धार्मिक आयोजनों को लेकर सख्त निर्देश जारी किए हैं।
उन्होंने कहा, “मुख्यमंत्री ने कैबिनेट बैठक में कई महत्वपूर्ण आदेश दिए हैं। सड़कों पर नमाज पढ़ने की अनुमति नहीं होगी। लोग मस्जिदों में जाकर नमाज अदा करें, लेकिन सार्वजनिक सड़कों पर धार्मिक आयोजन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।”
सरकार के इस फैसले को भाजपा अपने चुनावी वादों और यातायात व्यवस्था से जोड़कर देख रही है, जबकि विपक्ष इसे धार्मिक स्वतंत्रता और सामाजिक सौहार्द के मुद्दे से जोड़कर सरकार को घेर सकता है। आने वाले दिनों में इस विषय पर राजनीतिक बयानबाजी और विरोध-प्रदर्शन तेज होने की संभावना जताई जा रही है।
