■ पारा पहुंचा 45 डिग्री सेल्सियस के पार

● मुंबई
महाराष्ट्र के कई शहरों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है और अब मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों के लिए हीटवेव (उष्णता लहर) का अलर्ट जारी किया है। भारतीय मौसम विभाग (आई एम डी ) ने चेतावनी दी है कि राज्य में गर्मी का असर और तेज हो सकता है।
सबसे अधिक असर विदर्भ क्षेत्र में देखने को मिल रहा है, जहां अकोला और नंदुरबार जिलों में तापमान 45.3 डिग्री सेल्सियस से भी ऊपर पहुंच गया है। तेज गर्मी के कारण लोग दिन के समय घरों में रहने को मजबूर हैं और सड़कों पर सन्नाटा देखा जा रहा है।
नागपुर स्थित क्षेत्रीय मौसम केंद्र ने पूरे विदर्भ के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। अनुमान है कि अगले चार से पांच दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है, जिससे कई जिलों में पारा 45 से 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, वर्तमान में विदर्भ में हीटवेव के लिए अनुकूल परिस्थितियां बन गई हैं। ‘वेस्टर्न डिस्टर्बेंस’ का असर कम होने और उत्तर भारत से आने वाली गर्म हवाओं के कारण तापमान तेजी से बढ़ रहा है।
पुणे मौसम विभाग ने लोगों को अगले तीन दिनों तक विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। दोपहर के समय बाहर निकलने से बचने, अधिक पानी पीने और हल्के कपड़े पहनने की सलाह दी गई है ताकि हीट स्ट्रोक से बचा जा सके।
अगले पांच दिनों तक बारिश की कोई संभावना नहीं है, जिससे गर्मी और उमस कम होने के आसार नहीं दिख रहे हैं। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आने वाले दिनों में राज्य के कई हिस्सों में गर्मी और भी गंभीर रूप ले सकती है।
