■ 10 नवनिर्वाचित सदस्यों ने ली शपथ

● मुंबई
महाराष्ट्र विधानपरिषद में शुक्रवार को राजनीतिक गरिमा और उत्साह के माहौल के बीच नवनिर्वाचित 10 सदस्यों ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। विधान भवन के केंद्रीय कक्ष में आयोजित समारोह में विधानपरिषद के सभापति राम शिंदे ने सभी सदस्यों को शपथ दिलाई।
इस अवसर पर राज्य के शीर्ष नेतृत्व की मौजूदगी ने समारोह को विशेष महत्व प्रदान किया। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा अजीत पवार, विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर समेत कई मंत्री और विधायक कार्यक्रम में उपस्थित रहे।
शपथ लेने वाले सदस्यों में नीलम गोरहे, बच्चू कडू, अंबादास दानवे, प्रज्ञा सातव और ज़ीशान सिद्दीकी प्रमुख रूप से शामिल रहे। इनके अलावा प्रमोद जठार, माधवी नाईक, सुनील कर्जतकर, विवेक कोल्हे तथा संजय भेंडे ने भी सदस्य पद की शपथ ग्रहण की।
समारोह के दौरान सभापति राम शिंदे ने सभी नवनिर्वाचित सदस्यों का पुष्पगुच्छ देकर अभिनंदन किया और उनके सफल एवं जनहितकारी कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।
नए सदस्यों के शपथ ग्रहण के साथ ही विधानपरिषद की कार्यवाही में उनकी औपचारिक भागीदारी शुरू हो गई है। माना जा रहा है कि विभिन्न राजनीतिक और सामाजिक पृष्ठभूमि से आए इन सदस्यों की सक्रिय उपस्थिति राज्य की विधायी चर्चाओं को नई दृष्टि और नई ऊर्जा प्रदान करेगी।
