■ ‘वाहन 4.0’ सेवा 18 मई तक बंद

● कल्याण
महाराष्ट्र परिवहन विभाग और राज्य के विभिन्न उपप्रादेशिक परिवहन कार्यालयों को ऑनलाइन सेवाएं उपलब्ध कराने वाले दिल्ली स्थित नेशनल इंफॉर्मेशन सेंटर (एनआईसी) में तकनीकी खराबी आने से वाहन संबंधी कई सेवाएं प्रभावित हो गई हैं। इसके साथ ही केंद्र में अत्याधुनिक उन्नयन कार्य भी जारी है, जिसके कारण महाराष्ट्र के आरटीओ कार्यालयों में संचालित ‘वाहन 4.0’ प्रणाली अस्थायी रूप से बंद कर दी गई है।
कल्याण उपप्रादेशिक परिवहन विभाग के अधिकारी आशुतोष बारकुल ने बताया कि 9 मई से सिस्टम में तकनीकी दिक्कत आने के बाद मरम्मत और अपग्रेडेशन का काम शुरू किया गया है। इसके चलते वाहन 4.0 प्रणाली के माध्यम से होने वाले अधिकांश कार्य 18 मई तक बंद रहेंगे।
इस प्रणाली के जरिए पुराने वाहन का स्वामित्व नए खरीदार के नाम पर स्थानांतरित करना, वाहन परमिट से जुड़े कार्य, वाहन कर संबंधी प्रक्रियाएं तथा आरसी बुक का नवीनीकरण जैसे महत्वपूर्ण काम किए जाते हैं। अब इन सेवाओं के बंद रहने से वाहन मालिकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
आरटीओ विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वाहन 4.0 प्रणाली से जुड़े कार्यों के लिए 18 मई तक कार्यालय के चक्कर न लगाएं। हालांकि, विभाग ने स्पष्ट किया है कि वाहन लाइसेंस और अन्य ऑनलाइन सेवाएं सामान्य रूप से जारी हैं। केवल वाहन 4.0 प्रणाली से जुड़ी सेवाएं ही फिलहाल प्रभावित हुई हैं।
