- चुनाव आयोग का SIR का तीसरा चरण शुरू

● मुंबई
इलेक्शन कमीशन ऑफ इंडिया ने देशभर में मतदाता सूची को पूरी तरह अपडेट और पारदर्शी बनाने के लिए स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (एस आई आर ) चरण 3 शुरू करने की घोषणा की है। यह अभियान 16 राज्यों और 3 केंद्र शासित प्रदेशों में चरणबद्ध तरीके से लागू किया जाएगा।
इस अभियान के तहत लगभग 36.73 करोड़ मतदाताओं का सत्यापन किया जाएगा। इसके लिए 3.94 लाख बूथ लेवल ऑफिसर (बी एल ओ ) घर-घर जाकर जानकारी जुटाएंगे, जबकि 3.42 लाख बूथ लेवल एजेंट (BLAs) भी इस प्रक्रिया में सहयोग करेंगे। चुनाव आयोग ने इसे एक सहभागी और पारदर्शी प्रक्रिया बताया है, जिसमें मतदाता, राजनीतिक दल और प्रशासन सभी की अहम भूमिका होगी।
महाराष्ट्र, कर्नाटक, झारखंड और दिल्ली जैसे बड़े राज्यों में यह प्रक्रिया 30 जून से 29 जुलाई 2026 तक चलेगी। इसके बाद 5 अगस्त को ड्राफ्ट वोटर लिस्ट जारी होगी। नागरिक 5 अगस्त से 3 अक्टूबर 2026 तक दावे और आपत्तियां दर्ज कर सकेंगे, जबकि अंतिम मतदाता सूची 7 अक्टूबर 2026 को प्रकाशित की जाएगी।
चुनाव आयोग ने सभी राजनीतिक दलों से अपील की है कि वे प्रत्येक मतदान केंद्र पर अपने बी एल नियुक्त करें, ताकि पूरी प्रक्रिया निष्पक्ष और भरोसेमंद बन सके। इससे फर्जी नाम हटाने, नए मतदाताओं को जोड़ने और डुप्लिकेट प्रविष्टियों को खत्म करने में मदद मिलेगी।
गौरतलब है कि पहले दो चरणों में ही करीब 59 करोड़ मतदाताओं का डेटा अपडेट किया जा चुका है, जिसमें लाखों अधिकारियों और एजेंट्स ने भाग लिया था।
