
● मुंबई
महाराष्ट्र सरकार ने राज्य में अवैध रूप से संचालित हो रही बाइक टैक्सी सेवाओं के खिलाफ सख्त कदम उठाते हुए बड़ा एक्शन लिया है। महाराष्ट्र साइबर विभाग ने एप्पल कंपनी को आधिकारिक नोटिस जारी कर उबेर, ओला और रैपिड जैसे ऐप्स को ऐप स्टोर से हटाने के निर्देश दिए हैं। यह कार्रवाई सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम, 2000 की धारा 79(3)(बी) के तहत की गई है।
सरकार का कहना है कि राज्य में कई ऐप-आधारित प्लेटफॉर्म बिना वैध अनुमति और आवश्यक लाइसेंस के बाइक टैक्सी सेवाएं चला रहे हैं, जो मोटर वाहन अधिनियम और परिवहन विभाग के नियमों का सीधा उल्लंघन है। विभाग के अनुसार, इन सेवाओं के संचालन से यात्रियों की सुरक्षा पर गंभीर खतरा उत्पन्न हो रहा है।
नोटिस में विशेष रूप से ड्राइवरों के अपर्याप्त सत्यापन, बीमा सुरक्षा की कमी, महिलाओं की सुरक्षा को लेकर कमजोर इंतजाम और आपातकालीन सहायता प्रणाली की खामियों को लेकर चिंता व्यक्त की गई है। हाल ही में एक महिला की मौत से जुड़े मामले का भी उल्लेख किया गया है, जिसमें कथित रूप से बाइक टैक्सी सेवा की भूमिका सामने आने के बाद सरकार और अधिक सख्त हो गई है।
महाराष्ट्र साइबर विभाग ने एप्पल को चेतावनी दी है कि यदि निर्धारित समय में इन ऐप्स को प्लेटफॉर्म से नहीं हटाया गया, तो कंपनी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सकती है। साथ ही भविष्य में किसी भी अप्रिय घटना की जिम्मेदारी भी कंपनी पर तय की जा सकती है।
राज्य सरकार का यह कदम परिवहन व्यवस्था को सुरक्षित, पारदर्शी और नियमों के अनुरूप बनाए रखने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में अवैध परिवहन सेवाओं के खिलाफ और भी सख्त कार्रवाई देखने को मिल सकती है।
