
● मुंबई
मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) ने डिजिटल प्रशासन की दिशा में एक बड़ी पहल करते हुए ‘विजन ए आई वल्ट’ सिस्टम की शुरुआत की है। इस अत्याधुनिक ए आई तकनीक के जरिए अब पुराने जन्म, मृत्यु और विवाह से जुड़े रिकॉर्ड को सुरक्षित रूप से डिजिटल फॉर्म में संरक्षित किया जाएगा। फिलहाल इस प्रोजेक्ट को ई वार्ड (भायखला, नागपाड़ा, मझगांव, डॉकयार्ड रोड) में शुरू किया गया है।
इस नई तकनीक की खासियत यह है कि यह केवल दस्तावेजों को स्कैन ही नहीं करती, बल्कि पुराने और खराब हो चुके रिकॉर्ड को फिर से पढ़ने योग्य भी बनाती है। धुंधले अक्षर, मिट चुकी स्याही और नाजुक कागज इन सभी को ए आई की मदद से स्पष्ट किया जा सकता है। यह सिस्टम हिंदी, मराठी और अंग्रेजी जैसी भाषाओं की हस्तलिखित जानकारी को भी आसानी से पहचान लेता है।
बी एम सी के अनुसार, पहले नागरिकों को जन्म या मृत्यु प्रमाणपत्र पाने के लिए लंबा इंतजार करना पड़ता था. कभी-कभी 30 दिनों से लेकर डेढ़ साल तक। लेकिन अब यही काम कुछ सेकंड में पूरा हो सकेगा। इससे न केवल नागरिकों को राहत मिलेगी, बल्कि प्रशासनिक प्रक्रिया भी तेज और पारदर्शी बनेगी।
पुराने रिकॉर्ड वर्षों से बारिश, नमी और समय के प्रभाव से खराब हो रहे थे। कई दस्तावेज फट चुके थे और स्याही भी मिटने लगी थी। ऐसे में ‘विज़न ए आई वल्ट’ इन ऐतिहासिक दस्तावेजों को सुरक्षित रखने के साथ-साथ उन्हें नया जीवन देने का काम करेगा।
