
● मुंबई
देश में पहले से ही बढ़ती महंगाई के बीच अब पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी ने आम जनता की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। इसका सीधा असर अब सब्जियों के दामों पर भी देखने को मिल रहा है, जहां मुंबई और एमएमआर क्षेत्र में सब्जियों के भाव में करीब 50 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
भीषण गर्मी, पानी की कमी और फसल को हुए नुकसान के कारण बाजार में सब्जियों की आवक 20 से 30 प्रतिशत तक घट गई है। वाशी स्थित एपीएमसी मंडी में आपूर्ति कम होने से खुदरा बाजार में कीमतें तेजी से बढ़ी हैं।
पुणे, सातारा, सोलापुर और नासिक जैसे कृषि क्षेत्रों में बढ़ते तापमान और जल संकट ने फसलों को भारी नुकसान पहुंचाया है। वहीं लंबी दूरी से आने वाली सब्जियां भी गर्मी के कारण जल्दी खराब हो रही हैं, जिससे आपूर्ति और प्रभावित हुई है।
दादर, अंधेरी और बोरीवली जैसे मुंबई के प्रमुख बाजारों में हरी सब्जियों के दाम आसमान छू रहे हैं। इसका असर सीधे घरेलू बजट पर पड़ा है और गृहिणियों को रसोई का खर्च संभालना मुश्किल हो गया है।
