
● मुंबई
मुंबई में राइड-हेलिंग सेवाओं को लेकर बड़ा प्रशासनिक विवाद सामने आया है। महाराष्ट्र सरकार ने ओला, उबर और रैपिडो जैसे प्रमुख ऐप्स को ऐप स्टोर से हटाने के आदेश पर अचानक रोक लगा दी है। यह फैसला महज 24 घंटे के भीतर पलट गया, जिससे पूरे मामले ने नया मोड़ ले लिया है।
शुक्रवार को महाराष्ट्र साइबर विभाग ने एप्पल और गूगल को नोटिस जारी कर इन तीनों ऐप्स को हटाने की मांग की थी। सरकार का तर्क था कि ये प्लेटफॉर्म बिना वैध अनुमति के बाइक टैक्सी सेवाएं चला रहे हैं, जो नियमों का उल्लंघन है।
हालांकि, शनिवार तक स्थिति बदल गई। अब प्रशासन इस बात पर विचार कर रहा है कि कैसे सिर्फ बाइक टैक्सी सेवाओं पर रोक लगाई जाए, जबकि कैब और ऑटो जैसी सेवाएं जारी रहें। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि सरकार किसी भी तरह के व्यापक प्रतिबंध से बचते हुए टारगेटेड समाधान तलाश रही है।
ओला , उबेर और रैपिड जैसी कंपनियां भारत में राइड-हेलिंग सेक्टर की प्रमुख खिलाड़ी हैं और इन पर किसी भी तरह की कार्रवाई का सीधा असर लाखों यात्रियों और ड्राइवरों पर पड़ सकता है।
सूत्रों के अनुसार, आईटी एक्ट की धारा 79(3)(बी.) के तहत ऐप्स को हटाने का आदेश दिया गया था, लेकिन कानूनी विशेषज्ञों का मानना है कि इसे लागू करना आसान नहीं होता। इसी कारण सरकार अब अपने फैसले की समीक्षा कर रही है।
