
● नई दिल्ली
देश में डिजिटल पेमेंट का दायरा तेजी से बढ़ रहा है और अब छोटे दुकानदारों के लिए बड़ी सहूलियत आने वाली है। जल्द ही व्यापारियों को PhonePe, Paytm, BharatPe या अन्य यूपीआई ऐप्स के लिए अलग-अलग साउंडबॉक्स रखने की जरूरत नहीं पड़ सकती।
दरअसल, National Payments Corporation of India (एनपीसीआई) एक ऐसे कॉमन इंटरऑपरेबल सिस्टम पर काम कर रहा है, जिसमें एक ही साउंडबॉक्स सभी यूपीआई प्लेटफॉर्म से होने वाले भुगतान की जानकारी देगा। यानी ग्राहक किसी भी ऐप से भुगतान करे, दुकानदार को उसी एक डिवाइस से भुगतान का ऑडियो कन्फर्मेशन सुनाई देगा।
वर्तमान में हर कंपनी का अपना अलग क्यूआर कोड और साउंडबॉक्स होता है। ऐसे में यदि किसी दुकानदार को कई ऐप्स के माध्यम से भुगतान स्वीकार करना हो, तो उसे अलग-अलग डिवाइस रखने पड़ते हैं। इससे व्यापारियों का मासिक खर्च भी बढ़ जाता है। फिलहाल एक साउंडबॉक्स पर औसतन 100 से 150 रुपए प्रतिमाह तक खर्च करना पड़ता है।
नई व्यवस्था लागू होने के बाद एक ही डिवाइस कई यूपीआई ऐप्स के भुगतान को सपोर्ट कर सकेगा। इससे छोटे कारोबारियों का खर्च कम होगा और दुकानों पर तकनीकी झंझट भी काफी हद तक घट जाएगा। साथ ही डिजिटल भुगतान प्रणाली को और अधिक सरल और सुविधाजनक बनाने में मदद मिलेगी।
