
● मुंबई
मुंबई मनपा ने शहर में आवारा कुत्तों की बढ़ती समस्या से निपटने के लिए महत्वपूर्ण पहल शुरू की है। इसके तहत मनपा ने गैर-सरकारी संगठनों (एनजीओ) से आवारा कुत्तों के लिए शेल्टर (आश्रय स्थल) बनाने और संचालित करने हेतु प्रस्ताव आमंत्रित किए हैं।
मनपा ने Malad, Chembur और Malvani में तीन बड़े भूखंड चिन्हित किए हैं, जहां डॉग शेल्टर और नसबंदी केंद्र स्थापित किए जाएंगे। यह परियोजना डिजाइन बिल्ड ऑपरेट ट्रांसफर (डीबीओटी) मॉडल पर आधारित होगी, जिसके तहत एनजीओ शेल्टर का निर्माण, संचालन और रखरखाव करेंगे।
कम प्रतिक्रिया मिलने के कारण बीएमसी ने प्रस्ताव जमा करने की अंतिम तिथि भी बढ़ा दी है। इसके अलावा Mulund East में भी एक नई जमीन चिन्हित की गई है, जहां संस्थानों से हटाए गए कुत्तों को रखा जा सकेगा।
Supreme Court of India के निर्देशों के अनुसार स्कूल, अस्पताल, बस डिपो, रेलवे स्टेशन, पार्क और धार्मिक स्थलों जैसे संवेदनशील क्षेत्रों से आवारा कुत्तों को हटाना अनिवार्य है। इसी के तहत बीएमसी अब इन स्थानों से कुत्तों को पकड़कर शेल्टर में रखने की योजना पर काम कर रही है।
मनपा कुत्तों को पकड़कर शेल्टर तक पहुंचाने का कार्य करेगी, जबकि उनके रखरखाव का खर्च नगर निगम द्वारा एनजीओ को उपलब्ध कराया जाएगा। इस पहल को शहर में मानव और पशु के बीच संतुलन स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
