
● मुंबई
मुंबई में बाल यौन शोषण के मामलों में पीड़ित बच्चों को बेहतर सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से महत्वपूर्ण पहल की गई है। Protection of Children from Sexual Offences Act (पोक्सो) के तहत ‘सपोर्ट पर्सन’ पदों के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इस भर्ती का उद्देश्य न्यायिक प्रक्रिया के दौरान बच्चों और उनके परिवारों को हरसंभव सहयोग प्रदान करना है।
इन पदों पर चयनित उम्मीदवारों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होगी। ‘सपोर्ट पर्सन’ पीड़ित बच्चों को अदालत की प्रक्रिया समझाने, उन्हें मानसिक रूप से मजबूत बनाने और पूरे केस के दौरान साथ देने का काम करेंगे। इसके अलावा वे परिवार को आवश्यक मार्गदर्शन देंगे तथा जरूरत पड़ने पर काउंसलिंग की व्यवस्था में भी सहायता करेंगे। इससे बच्चों को भय और मानसिक तनाव से उबरने में मदद मिलेगी।
पात्रता के अनुसार, उम्मीदवार के पास सामाजिक कार्य, समाजशास्त्र, मनोविज्ञान या बाल विकास जैसे विषयों में स्नातक अथवा स्नातकोत्तर डिग्री होना अनिवार्य है। साथ ही बाल संरक्षण, शिक्षा या संबंधित क्षेत्र में कम से कम तीन वर्षों का अनुभव भी आवश्यक रखा गया है।
नियुक्ति प्रारंभिक रूप से तीन वर्ष के लिए की जाएगी, जिसे कार्य प्रदर्शन के आधार पर आगे बढ़ाया जा सकेगा। चयनित उम्मीदवारों को सरकारी नियमों के अनुसार मानधन प्रदान किया जाएगा।
आवेदन प्रक्रिया के लिए इच्छुक अभ्यर्थियों को मुंबई शहर के जिला महिला एवं बाल विकास अधिकारी कार्यालय से संपर्क करने को कहा गया है।
